Saharanpur News: स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, टीकाकरण में खराब प्रदर्शन पर नोटिस और वेतन रोकने के निर्देश

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा बैठक में टीकाकरण में लापरवाही पर सख्ती दिखाई। खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को नोटिस, वेतन रोकने और संचारी रोग नियंत्रण अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत गठित जिला स्वास्थ्य समिति एवं संचारी रोग नियंत्रण तथा ‘घर-घर दस्तक’ अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान बच्चों के नियमित टीकाकरण में खराब प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों के चिकित्सा अधीक्षकों (एमओआईसी) को कारण बताओ नोटिस जारी करने और उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित क्षेत्रों का स्वयं निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। खाताखेड़ी क्षेत्र में लगातार खराब टीकाकरण प्रगति पर प्रभारी को पद से हटाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने टीकाकरण निरीक्षण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने को कहा। अनुपस्थित रहने वाले डीपीएम और डीपीसीएम को नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत चिन्हित बच्चों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा के दौरान खराब प्रदर्शन पर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में कहीं भी कूड़े के ढेर, जलभराव और गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। उन्होंने मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए जल निकासी, झाड़ियों की सफाई और स्वच्छता अभियान तेज करने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, परियोजना निदेशक प्रणय कृष्ण, जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ सहित सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य