श्री कांत शर्मा ( दैनिक शहरी चौपाल )
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान हरियाणा के कुरुक्षेत्र से गंगाजल लेने आए कांवड़ियों ने सहारनपुर पुलिस के व्यवहार को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया व्यक्त की। जहां प्रदेश सीमा के प्रवेश द्वार पर बनी अस्थायी पुलिस चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी के व्यवहार पर नाराजगी जताई गई, वहीं बहेड़ी गुर्जर स्थित अस्थायी पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सेवा भावना और सहयोगी रवैये की कांवड़ियों ने खुले दिल से प्रशंसा की।
कुरुक्षेत्र के पिहोवा निवासी अभिषेक ने बताया कि वह अपने साथियों अनुज, विशाल, अरुण और हनी के साथ 51 लीटर और 20 लीटर गंगाजल की कलश कांवड़ लेकर हरिद्वार से लौट रहे थे। सहारनपुर जनपद की सीमा में प्रवेश करते समय उनका पीने का पानी समाप्त हो गया। पानी की तलाश में वे प्रवेश द्वार पर स्थापित अस्थायी पुलिस चौकी पर पहुंचे।
अभिषेक के अनुसार चौकी पर मौजूद दो पुलिसकर्मियों का व्यवहार सहयोगपूर्ण और शालीन था, लेकिन एक अन्य पुलिसकर्मी का रवैया संतोषजनक नहीं था, जिससे उन्हें निराशा हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन में सभी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ समान रूप से सम्मानजनक व्यवहार करें।
यात्रा आगे बढ़ने पर जब कांवड़िए बहेड़ी गुर्जर स्थित अस्थायी पुलिस चौकी पहुंचे तो वहां का अनुभव बिल्कुल अलग रहा। चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक नरेश कुमार और कांस्टेबल मंजू कुमार ने सेवा भाव का परिचय देते हुए कांवड़ियों का स्वागत किया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें चाय-नाश्ता उपलब्ध कराया, विश्राम की व्यवस्था कराई तथा यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का भी ध्यान रखा।
कांवड़ियों ने कहा कि पुलिसकर्मियों का यह मानवीय और सहयोगात्मक व्यवहार यात्रा की थकान को काफी हद तक कम करने वाला रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे पुलिसकर्मी पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि को मजबूत करते हैं और श्रद्धालुओं के मन में विश्वास पैदा करते हैं।
श्रद्धालुओं ने बहेड़ी गुर्जर चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा केवल सुरक्षा व्यवस्था का नहीं, बल्कि सेवा और संवेदनशीलता का भी अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यात्रा मार्ग पर तैनात सभी पुलिसकर्मी इसी प्रकार श्रद्धालुओं के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार करेंगे, जिससे यात्रा और अधिक सुरक्षित एवं सुखद बन सके।








