सहारनपुर। जल जीवन मिशन एवं ग्रामीण पेयजल योजना के तहत कार्यरत पंप ऑपरेटरों ने विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। पंप ऑपरेटरों ने सभी कर्मचारियों को नियमानुसार आउटसोर्सिंग व्यवस्था में शामिल करने तथा मासिक वेतनध्मानदेय 20 हजार रुपये निर्धारित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। ज्ञापन में पंप ऑपरेटरों ने नियमानुसार पीएफ, ईएसआई/बीमा, दुर्घटना बीमा एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने, सप्ताह में एक दिन साप्ताहिक अवकाश तथा वैधानिक छुट्टियों का लाभ देने की मांग की। इसके अलावा कार्यस्थल पर सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण एवं सामग्री उपलब्ध कराने, प्रत्येक कर्मचारी को पहचान पत्र एवं सेवा संबंधी दस्तावेज देने तथा किसी भी पंप ऑपरेटर को अनुचित रूप से प्रताड़ित या हटाने के प्रयास पर रोक लगाने की मांग भी रखी गई। इस अवसर पर सन्नी गौतम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पंप ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में उनके श्रम, सेवा और सुरक्षा की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पंप ऑपरेटरों की जायज मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो जनपद के पंप ऑपरेटरों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से बड़े आंदोलन का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य कर्मचारियों को न्याय, सम्मान, सेवा-सुरक्षा और नियमानुसार सुविधाएं दिलाना होगा।








