श्रीकान्त शर्मा
सहारनपुर। गागलहेड़ी क्षेत्र के ग्राम दीनारपुर स्थित पीजी पायस इंटर कॉलेज एवं मॉन्ट फोर्ट स्कूल में बंदरों के आतंक का मामला सामने आया है। पायस एजुकेशनल ग्रुप के प्रबंधक ने दावा किया है कि मंगलवार सुबह बंदरों ने विद्यालय परिसर में दो-तीन बच्चों को काटकर घायल कर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले का संज्ञान लेकर बंदरों को पकड़वाने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

प्रबंधक के अनुसार, विद्यालय परिसर में जंगली बंदरों का आना-जाना लगातार बना हुआ है। आरोप है कि बंदर परिसर में घुसकर बच्चों और स्कूल स्टाफ पर हमला करते हैं। इस समस्या को लेकर वर्ष 2025 से जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से लगातार शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
शिकायतकर्ता ने ग्राम पंचायत दीनारपुर के ग्राम सचिव अलवर सिंह पर जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों का निस्तारण दर्ज करने के बावजूद मौके पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति की जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाए गए।
प्रबंधक ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में बंदरों को पकड़ने के लिए तत्काल विशेष अभियान चलाया जाए। बंदरों के हमले में घायल हुए बच्चों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही विद्यालय में पढ़ने वाले अन्य बच्चों की सुरक्षा के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने वर्ष 2025 से जनसुनवाई पोर्टल पर की गई शिकायतों और उनके निस्तारण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की है। साथ ही, यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा उपाय लागू करने की अपील की है।
प्रबंधक ने कहा कि विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। अभिभावक अपने बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल भेजते हैं, इसलिए परिसर को सुरक्षित बनाना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि किसी बड़ी घटना का इंतजार किए बिना समस्या का जल्द समाधान कराया जाए।








