Saharanpur News: हेल्थ डैशबोर्ड में सहारनपुर मंडल को पहली रैंक, कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश

सहारनपुर मंडल ने उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड में प्रथम रैंक हासिल की। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने HBNC और नियमित टीकाकरण में कम प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जवाबदेही तय करने, स्पष्टीकरण लेने और नियमानुसार वेतन रोकने के निर्देश दिए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड में सहारनपुर मंडल को प्रथम रैंक मिलने पर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई दी। वहीं, गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल (एचबीएनसी) और नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों में अपेक्षाकृत कम प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोमवार, 12 अक्टूबर को मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य सेवाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं और स्वास्थ्य संकेतकों की बिंदुवार समीक्षा की गई। इसमें अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस), मंडलीय एवं जनपदीय अधिकारियों और संबंधित कार्यक्रम प्रबंधकों ने भाग लिया।

बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल (एचबीएनसी), संस्थागत प्रसव, परिवार कल्याण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और वित्तीय व्यय की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने कम प्रगति वाले क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित की जाए। लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार वेतन रोकने की कार्रवाई की जाए और संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए।

स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार पर जोर

डॉ. रूपेश कुमार ने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में स्वास्थ्य संकेतकों की नियमित समीक्षा की जाए और कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने और पात्र लाभार्थियों तक समय से सेवाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। अधिकारियों को अपने-अपने जनपदों का प्रदर्शन राज्य के औसत से बेहतर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।

सामूहिक प्रयासों से मिली उपलब्धि

मंडलायुक्त ने उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड में सहारनपुर मंडल के प्रथम स्थान पर आने को अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, बेहतर समन्वय तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की पूरी मंडलीय एवं जनपदीय टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी इस प्रदर्शन को बनाए रखने की अपेक्षा जताई।

उन्होंने बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित निगरानी करने को कहा। बैठक का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, वित्तीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग और आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य