शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मां शाकंभरी देवी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर सिंह कक्कड़ के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं देने के लिए 28 चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए चार एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई हैं।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना है। मेले में विभिन्न राज्यों और जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए चिकित्सा विभाग ने आकस्मिक स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मेले में सात चिकित्सा अधिकारी, सात फार्मासिस्ट और 14 अन्य स्वास्थ्यकर्मियों सहित कुल 28 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए तीन 108 एंबुलेंस और एक एएलएस एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। एक एंबुलेंस मां शाकंभरी देवी भवन के पास, दूसरी रैन बसेरे से बाबा भूरादेव मंदिर के बीच और तीसरी बाबा भूरादेव मंदिर के पास तैनात की गई है। इसके अलावा दवाओं और चिकित्सा कर्मियों से युक्त एक एएलएस एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी।
मेले के दौरान गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर समय से उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सढौली कदीम और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहट में पांच-पांच बेड तथा एसबीडी जिला चिकित्सालय में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी या आपात स्थिति में निकटतम चिकित्सा सहायता केंद्र अथवा तैनात स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क करें।








