मनोज धनगर
नकुड़ (सहारनपुर)। क्षेत्र के गांव नसरुल्लागढ़ में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से सर्व समाज की सभा आयोजित की गई। अशोक राणा के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। सभा में सामाजिक एकता, युवाओं की जिम्मेदारी और राजनीतिक कारणों से समाज में बढ़ती दूरी पर विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा की छछरौली विधानसभा के पूर्व विधायक चौधरी अर्जुन सिंह ने कहा कि समाज में किसान, मजदूर, व्यापारी और कर्मचारी ही प्रमुख वर्ग हैं, लेकिन राजनीतिक दलों और सत्ता के लालची लोगों ने समाज को विभिन्न जातियों में बांट दिया है। उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि राजनीतिक झगड़ों को समाज के बीच लाकर सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर आपसी एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
राष्ट्रवादी प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित राणा ने कहा कि युवाओं को शिक्षित होकर मजबूत समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर अनर्गल और अमर्यादित पोस्ट करने से बचने की अपील की।
सभा में ब्लॉक प्रमुख डॉ. सुभाष चौधरी, जाट महासभा के पुष्पेंद्र चौधरी, पूजा चौधरी, अनीस राणा, चेयरमैन प्रमोद राणा, सन्नी राणा और राजपूत सभा सरसावा के अध्यक्ष सुभाष चौहान सहित अन्य वक्ताओं ने सर्व समाज को एकजुट होकर चलने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के आयोजक अशोक राणा, परमजीत राणा और पंकज राणा ने मुख्य अतिथि चौधरी अर्जुन सिंह तथा ठाकुर पूरण सिंह को शॉल ओढ़ाकर और तलवार भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ठाकुर मान सिंह ने की, जबकि संचालन संजीव कुमार ने किया।
इस दौरान धूम सिंह, संजय प्रधान, शिवकुमार राणा, राजबीर चौहान, मयंक चौधरी, रजत प्रधान और दिलीप सिंह राणा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।








