शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में पार्षद गौरव कपिल के संयोजन में जेवी जैन डिग्री कॉलेज में भारतीय परंपरागत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न स्कूलों के 750 से अधिक बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शाकंभरी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई और विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. वकुल बंसल ने पवनपुत्र हनुमान जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा रिबन खोलकर किया।
मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पहली बार कबड्डी, खो-खो, बोरीकूद, रस्साकशी, साइकिल टायर दौड़, मटका संतुलन दौड़ और दृष्टिबाधित मटकी भेदन जैसे परंपरागत भारतीय खेलों को शामिल किया गया। देर शाम तक चली प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बोरीकूद, मटका संतुलन दौड़, कबड्डी, साइकिल टायर रेस और रस्साकशी आकर्षण का केंद्र रहे।
कुलपति प्रो. विमला वाई ने नगर निगम की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के परिवेश में बच्चों के हित में ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। परंपरागत खेल मनोरंजन के साथ बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास करते हैं तथा उन्हें स्वस्थ रखने में मददगार होते हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने उन्हें भी बचपन की यादें ताजा करा दीं। उन्होंने बड़ी संख्या में उत्साह के साथ प्रतिभाग कर रहे बच्चों को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में नगर निगम की ओर से होने वाले ऐसे आयोजनों में भागीदारी करने की इच्छा जताई।
बोरीकूद प्रतियोगिता के कक्षा पांच से नौ वर्ग में सलोनी ने प्रथम, विनी ने द्वितीय और खुशनुमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा दस से बारह वर्ग में अंजलि प्रथम, सानिया द्वितीय और पल्लवी तृतीय स्थान पर रहीं। स्नातक वर्ग में साक्षी ने प्रथम, सिमरन ने द्वितीय और अनम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मटका संतुलन दौड़ के कक्षा पांच से नौ वर्ग में पल्लवी प्रथम, तनीषा द्वितीय और रिया तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम संयोजक पार्षद गौरव कपिल ने कुलपति प्रो. विमला वाई, प्रधानाचार्य डॉ. वकुल बंसल, उपसभापति मयंक गर्ग, मेला संयोजक संजय सैनी, मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय चौहान, क्रीड़ा भारती के महानगर अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पार्षद संजय गर्ग, पूर्व उपसभापति मुकेश गक्खड़, पार्षद सुनील पंवार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार राणा, समाजसेवी योगेश दहिया, क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री अनुज वीर, अशोक सक्सेना, रामकुमार सिंह, संजीव सीकरी, कमल गर्ग और ललित कटारिया सहित अतिथियों का अंगवस्त्र ओढ़ाकर अभिनंदन किया।
गौरव कपिल ने भारतीय परंपरागत खेलों को मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल करने के लिए महापौर डॉ. अजय सिंह और नगरायुक्त शिपू गिरि का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल के कारण बच्चे पारंपरिक खेलों और बचपन की गतिविधियों से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे में नगर निगम की यह पहल उन्हें अपनी परंपराओं और खेलों से जोड़ने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए क्रीड़ा भारती और जेवी जैन डिग्री कॉलेज का भी आभार व्यक्त किया। इस दौरान डॉ. संदीप गुप्ता, गौरव चौहान, मनीष कुमार, कोच लाल, धर्मेंद्र प्रताप, भूपेंद्र, मुस्तकीम, निशु राणा, सरिता और रवि कोरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








