राजकुमार शर्मा
नागल। मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत शारदीय नवरात्र के शुभारंभ पर महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर नागल कस्बे में जागरूकता रैली निकाली गई। थाना प्रभारी राधेश्याम यादव के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक वर्षा कुशवाहा की टीम ने रामकृष्ण परमहंस इंटर कॉलेज और स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च शिव चौक से ब्लॉक तिराहे होते हुए थाना नागल तक निकाला गया। इस दौरान मिशन शक्ति टीम ने आमजन को महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश दिया। टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभियान के माध्यम से महिलाओं और छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।
इसके अलावा कस्बे के जनता इंटर कॉलेज में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और सशक्तीकरण से संबंधित जानकारी दी। टीम ने छात्राओं को जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेंद्र चौधरी, उपनिरीक्षक शिवकार सिंह, सतेंद्र राठी सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।








