शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति 6.0 अभियान के अंतर्गत छात्राओं को एक दिन के लिए महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। उच्च प्राथमिक विद्यालय बीराखेड़ी की कक्षा आठ की छात्रा रानी को एक दिन के लिए विकास खंड गंगोह की खंड शिक्षा अधिकारी बनाया गया, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय पखनपुर की छात्रा हिमांशी सैनी को एक दिन की प्रधानाध्यापिका की जिम्मेदारी दी गई।
खंड शिक्षा अधिकारी की भूमिका निभाते हुए छात्रा रानी ने कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका और अन्य पत्रावलियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटल प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने रानी का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इस पहल के माध्यम से छात्रा को प्रशासनिक जिम्मेदारियों और कार्यालय संचालन की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिला।
वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालय पखनपुर के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कर्णवाल ने बताया कि हिमांशी सैनी पुत्री जोनी कुमार को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापिका बनाया गया। हिमांशी ने विद्यालय संचालन की जिम्मेदारी संभालते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें भविष्य में जिम्मेदार पदों पर कार्य करने के लिए प्रेरित करना है।








