मनोज मिड्ढा
सहारनपुर। श्री राधा कृष्ण मंदिर क्लब के तत्वावधान में गांधी पार्क में आयोजित रामलीला में सीता हरण लीला का शानदार मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से पंचवटी प्रसंग, सूर्पनखा-राम-लक्ष्मण संवाद, खर-दूषण दरबार और रावण द्वारा सीता हरण के दृश्यों को जीवंत कर दिया। लीला के दौरान दर्शक भाव-विभोर नजर आए और कलाकारों के अभिनय पर तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।

लीला में पंचवटी का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां सूर्पनखा द्वारा राम और लक्ष्मण से संवाद के प्रसंग ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इसके बाद खर-दूषण के दरबार का दृश्य प्रस्तुत किया गया। रावण के स्वप्न महल की भव्य प्रस्तुति देखकर दर्शक चकित रह गए। लक्ष्मण और सीता के बीच हुए संवादों ने भी दर्शकों को प्रभावित किया। अंत में रावण द्वारा सीता हरण के दृश्य का प्रभावशाली मंचन किया गया, जिसे देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
हरविंदर गोसाई और आनंद कुमार के कुशल निर्देशन में कलाकारों ने विभिन्न पात्रों को सजीव रूप दिया। अतुल सचदेव ने राम, हर्ष ठाकुर ने लक्ष्मण, सलोनी ने सीता, आशु सहगल ने रावण, लियारा निशि और जगमोहन ने सूर्पनखा, विनोद शर्मा ने मारीच, तरुण ने खर तथा कुणाल ने दूषण की भूमिका निभाई। सभी कलाकारों ने अपने अभिनय से लीला को प्रभावशाली बनाया।

कार्यक्रम में क्लब के प्रधान जोगेंद्र कुमार सहित गुरमीत सिंह, राकेश शर्मा, लखजीत सिंह, विक्रांत सैनी, गगन सैनी, सचिन घई, अनिल त्यागी, विपिन सलूजा, गगन भंडारी और विनोद खुराना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन रमेश चंद्र छबीला, राकेश वत्स और विनय वत्स ने किया।








