शहरी चौपाल ब्यूरो
नानौता (सहारनपुर)। नानौता थाना पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ताश की गड्डी और जुए की फड़ पर लगे 5500 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष विकास चाहर के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की। इस दौरान ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में शफात पुत्र अफलातून निवासी सिजूड, धीर सिंह पुत्र सोमपाल निवासी अनंतमऊ, सोनू पुत्र रमा, ओपिन पुत्र महिपाल, अनुज पुत्र सुरेश, अमित पुत्र किशनलाल और अमित पुत्र रामप्रसाद शामिल हैं।
थानाध्यक्ष विकास चाहर ने बताया कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इनके खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
थानाध्यक्ष के कार्यभार संभालने के बाद पुलिस द्वारा स्मैक तस्करी और नशाखोरी के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद अब जुआरियों पर शिकंजा कसा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा है।








