शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिले में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेहट तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। 27 और 28 अक्टूबर की मध्यरात्रि में उप जिलाधिकारी सुबोध कुमार, क्षेत्राधिकारी शशि प्रकाश शर्मा और खनन निरीक्षक अभिलाष चौबे की टीम ने बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन कर रहे एक वाहन को पकड़ा। इसके अलावा एक ओवरलोड वाहन को भी सीज कराया गया। इसी दौरान अधिकारियों की लोकेशन साझा करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया तथा उनकी थार गाड़ी सीज कर दी गई।

प्रशासन के अनुसार, रात करीब एक बजे बेहट तहसील गेट के सामने काले रंग की थार गाड़ी संख्या UP-11-CR-1112 खड़ी मिली। गाड़ी में सवार व्यक्तियों ने पूछताछ में अपने नाम रजिउर रहमान पुत्र ताजुल हसन और मौ. विशाल पुत्र अब्दुल शमी, निवासी ग्राम महेश्वरी खुर्द, बताए। संदेह होने पर उनके मोबाइल फोन की जांच की गई।
जांच के दौरान मोबाइल में ‘यार अनमुल्ले’ नाम का एक ग्रुप मिला। प्रशासन के मुताबिक, इस ग्रुप में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की लोकेशन साझा की जा रही थी। उप जिलाधिकारी बेहट और क्षेत्राधिकारी बेहट की लोकेशन से संबंधित सूचनाएं साझा करने के साथ सतर्क रहने के संदेशों का भी आदान-प्रदान किया जा रहा था। प्रशासन ने इसे अवैध खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई की जानकारी साझा करने से जुड़ा मामला माना।
इसके बाद दोनों व्यक्तियों को थाना बेहट पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया। प्रशासन के अनुसार, उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। थार गाड़ी को भी सीज कर दिया गया।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उप जिलाधिकारी सुबोध कुमार ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। अवैध खनन और अवैध परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा








