सहारनपुर में 25 हजार का इनामी शहनवाज गिरफ्तार, 3000 रुपये के नकली नोट बरामद

सहारनपुर में सदर बाजार पुलिस ने 25 हजार के इनामी शहनवाज को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के छह जाली नोट बरामद हुए। पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार में संलिप्तता का भी दावा किया है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सदर बाजार कोतवाली पुलिस ने नकली नोटों के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शहनवाज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 500 रुपये के छह जाली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत तीन हजार रुपये है। आरोपी थाना मिर्जापुर से भी 25 हजार रुपये का इनामी बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, बिहार के बक्सर जिले के निवासी कृष्णाकांत दुबे ने 29 अक्टूबर को सदर बाजार कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शहनवाज, विशाल त्यागी और अन्य लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत उन्हें नकली नोट दिए। इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

एसएसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक नेमचंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 29 अक्टूबर को भट्टा कॉलोनी तिराहे से आरोपी शहनवाज पुत्र आरिफ निवासी मिर्जापुर पोल, थाना मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के छह जाली नोट बरामद हुए।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर नकली नोटों के कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, उसने पुराने नोटों के कारोबार और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता बताई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि हथियार और कारतूस पंजाब सहित अन्य राज्यों से लाकर ग्राहकों को बेचे जाते थे तथा इससे मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी का भाई हसन और भतीजा अर्सलान इसी महीने अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किए गए थे, जबकि शहनवाज फरार चल रहा था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मिर्जापुर थाने में धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी और आयुध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नेमचंद सिंह, उपनिरीक्षक नितिन कुमार, कांस्टेबल रवि राठी और रिजर्व कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की बात कही है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य