फैय्याज अली आब्दी
नानौता (सहारनपुर)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर नानौता थाने में कार्यक्रम आयोजित किया गया। थानाध्यक्ष विकास चारण के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने महिला सहायता डेस्क की कार्यप्रणाली और महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता संबंधी जानकारी भी दी।
थानाध्यक्ष विकास चारण ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सभी को राष्ट्र की एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर एसएसआई मनोज कुमार, बिजेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, जयवीर सिंह तथा महिला पुलिसकर्मी विनीत, खुशी और प्रीति सहित थाने का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।








