शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विन स्पोर्ट्स अकादमी का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय सिंह और क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर अकादमी का शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह में द इंडियन कुराश एसोसिएशन के महासचिव विक्रांत कुमार द्वारा मुख्य अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विक्रांत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विन स्पोर्ट्स अकादमी में विशेष रूप से खिलाड़ियों को कुराश खेल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अकादमी सहारनपुर के खिलाड़ियों के लिए एक सुनहरा अवसर साबित होगी, जहां वे पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि अकादमी में अंतरराष्ट्रीय रेफरी और पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी मोहित शर्मा को कोच के रूप में नियुक्त किया गया है, जो खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इससे खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से मजबूत बनने में मदद मिलेगी।
इस मौके पर महापौर डॉ. अजय सिंह ने कहा कि इस प्रकार की पहल युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी विकसित करते हैं। उन्होंने अकादमी की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा ने भी अकादमी की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल विभाग की ओर से जो भी योजनाएं और सुविधाएं उपलब्ध होंगी, उन्हें नियमानुसार अकादमी तक पहुंचाने में पूरा सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई युवा खिलाड़ियों ने इस पहल को अपने करियर के लिए एक नई शुरुआत बताया।
इस अवसर पर आर.के. शर्मा, मोहित शर्मा, तरुण भोला, किरण, आनंद भाटिया, संजीव कुमार, अमित चौधरी, अंतरिक्ष सैनी, दिव्यांश कश्यप, राजकुमार, निकिता जैन, कुलभूषण, यश, कृष्णकांत, देवेंद्र, दीक्षा, मानसी, पायल, लाल धर्मेंद्र प्रताप, पुनीत कुमार आर्य, अमनदीप, सोनवीर, मनोज प्रजापति, रविकांत धीमान, ध्रुवेश, राघव, कृष्णा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।








