शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद (सहारनपुर)। थाना देवबंद पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात समेत नगदी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोशन कॉलोनी निवासी श्रीमती आसमा पत्नी नईम ने 21 अप्रैल 2026 को थाना देवबंद में तहरीर देकर अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर से जेवरात और 50 हजार रुपये नकद चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 268/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का सफल अनावरण कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शाहनजर उर्फ जनरेटर पुत्र वसीम निवासी रोशन कॉलोनी और सुऐब पुत्र नौशाद उर्फ मक्खी निवासी सैय्यद कॉलोनी, थाना देवबंद के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक अंगूठी, नाक की लौंग, ब्रेसलेट, बच्चों के कान के बुंदे, गले का सेट, माला, पायल, बिछुए सहित सोने-चांदी के कई जेवरात और 8,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों अभियुक्तों को विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी शाहनजर उर्फ जनरेटर का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिस पर पूर्व में भी शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुभाष चंद, हेड कांस्टेबल जुगेन्द्र मलिक, अनिल कुमार और कांस्टेबल ब्रिजेश कुमार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







