शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया है। ये वाहन यमुना नदी से अवैध रूप से बोल्डर (पत्थर) भरकर बिना वैध खनन परमिट के परिवहन करते पाए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी सिमरन सिंह (IPS) के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

दिनांक 21 अप्रैल 2026 को टोडरपुर-गन्देडवड मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। जांच में पाया गया कि वाहनों में यमुना नदी से निकाले गए पत्थर भरे हुए थे और उनके पास कोई वैध खनन अनुमति पत्र नहीं था। इसके बाद पुलिस ने तीनों वाहनों को अवैध खनन सामग्री सहित सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया।
सीज किए गए वाहनों में दो महिंद्रा अर्जुन 555 DI ट्रैक्टर (चैसिस नंबर सहित) और एक महिंद्रा 475 बिना नंबर का ट्रैक्टर शामिल है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुखबीर सिंह, कांस्टेबल हरिभान सिंह और दुर्गेश कुमार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिज सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।







