शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना देवबंद क्षेत्र के ग्राम लालवाला में भूमि स्वामित्व को लेकर हुए विवाद और हिंसक झड़प के मामले में पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। गुरुवार को देवबंद पुलिस ने मामले में वांछित चल रहे तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को मंडी गेट क्षेत्र से दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 9 मई 2026 को ग्राम लालवाला में जमीन के स्वामित्व को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट, हंगामा और उपद्रव हुआ। घटना के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया था, जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना देवबंद में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए वांछित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इससे पहले पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। वहीं गुरुवार को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी और तीन अन्य वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष पुत्र सतेंद्र कुमार, सागर पुत्र कालू और सूरज पुत्र शेर सिंह निवासी ग्राम लालवाला थाना देवबंद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मंडी गेट क्षेत्र में घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों ने साफ कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने, हिंसा फैलाने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, उपनिरीक्षक रौविल्स कुमार, हेड कांस्टेबल योगेश कुमार, राहुल कुमार और अनुज सिरोही शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
स्थानीय प्रशासन ने गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर रखा है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और गांव में शांति व्यवस्था कायम है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी भ्रामक सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि भूमि विवाद को लेकर गांव में पिछले कुछ समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि पुलिस और प्रशासन की सक्रियता के बाद हालात सामान्य हो रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।








