शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में जनपद के सर्राफा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन तथा व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि व्यापार किसी भी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है और व्यापारियों की भूमिका आर्थिक विकास में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को समझना और उनके त्वरित समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना है।
डीएम ने उपस्थित सर्राफा व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन व्यापारियों की कठिनाइयों के निराकरण के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने संयुक्त आयुक्त राज्य कर विभाग को निर्देश दिए कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में व्यापारियों ने बाजारों में ट्रैफिक जाम, सुरक्षा व्यवस्था, कर संबंधी दिक्कतों तथा व्यापार संचालन में आने वाली समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। इस पर पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
नगर पुलिस अधीक्षक व्योम बिंदल तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने कहा कि सर्राफा बाजार संवेदनशील क्षेत्र होते हैं, इसलिए वहां पुलिस की सतर्कता और निगरानी लगातार बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में सर्राफा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। व्यापारियों ने कहा कि वे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सरकार का पूरा सहयोग करेंगे और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।
सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन कुमार ने कहा कि व्यापारियों और प्रशासन के बीच संवाद से समस्याओं का बेहतर समाधान संभव होता है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सुरक्षा, यातायात और प्रशासनिक सहयोग बेहद आवश्यक है।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, संयुक्त आयुक्त राज्य कर एस.एम. पांडेय सहित सर्राफा व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन जल्द धरातल पर दिखाई देंगे और इससे व्यापारिक माहौल और अधिक सुरक्षित तथा सुगम बनेगा।








