सहारनपुर जिला महिला चिकित्सालय में लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट शुरू, नवजात शिशुओं को मिलेगा बेहतर पोषण

सहारनपुर जिला महिला चिकित्सालय में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट का शुभारंभ किया। यूनिट के माध्यम से नवजात शिशुओं को सुरक्षित पोषण और माताओं को स्तनपान संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर।  जिला महिला चिकित्सालय में नवजात शिशुओं की बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा और सुरक्षित पोषण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट (एलएमयू) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी  अरविंद कुमार चौहान द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि नवजात शिशुओं को जीवन की स्वस्थ शुरुआत देने के उद्देश्य से यह यूनिट स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि समय से पूर्व जन्म लेने वाले, कम वजन वाले तथा बीमार बच्चों को बेहतर देखभाल और पोषण उपलब्ध कराने में यह यूनिट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए सबसे उत्तम, सुरक्षित और प्राकृतिक पोषण है। यह बच्चों को संक्रमण से बचाने के साथ-साथ उनके शीघ्र स्वस्थ होने में भी अत्यंत सहायक होता है। उन्होंने बताया कि लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट के माध्यम से माताओं को स्तनपान संबंधी उचित परामर्श, सहयोग तथा दूध को सुरक्षित तरीके से संग्रहित करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस यूनिट में एसएनसीयू और एमएनसीयू में भर्ती नवजात शिशुओं की माताओं का दूध सुरक्षित रूप से संग्रहित किया जाएगा, ताकि बच्चों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित पोषण मिल सके। साथ ही माताओं को सही तरीके से शिशुओं को दूध पिलाने के संबंध में प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि यह यूनिट नवजात शिशुओं के जीवन रक्षा अभियान को और अधिक मजबूत करेगी तथा बच्चों में संक्रमण और कुपोषण की समस्या को कम करने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय के एसएनसीयू, एमएनसीयू, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और चिकित्सा अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक डॉ. कुमुद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण, जिला चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. रवि प्रकाश, जिला महिला चिकित्सालय अधीक्षिका डॉ. इंद्रा सिंह, डॉ. संजय कुमार यादव, डॉ. मनदीप सिंह, डॉ. नवदीप गुप्ता, डॉ. आई.सी. गुप्ता, मात्रिका रेखा, एमएमयू प्रभारी प्रतिभा तथा चिकित्सालय प्रबंधन से ईशा सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

चिकित्सकों ने बताया कि लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट के शुरू होने से नवजात शिशुओं को संक्रमण से बचाने और उन्हें सुरक्षित पोषण उपलब्ध कराने में काफी मदद मिलेगी। साथ ही माताओं को स्तनपान के महत्व और सही तरीकों के प्रति जागरूक किया जा सकेगा।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में इस प्रकार की आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा ताकि जनपद में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सके और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य