शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज नगर निगम परिसर में पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को जनगणना कार्य के लिए आवश्यक सामग्री किट वितरित की गई। महानगर के तीनों जोन में कुल 223 पर्यवेक्षक और 1383 प्रगणक जनगणना कार्य में लगाए गए हैं।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार जनगणना का प्रथम चरण 22 मई से शुरू होकर 20 जून तक चलेगा। इस चरण में मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके अंतर्गत शहर के प्रत्येक मकान, भवन और परिवार संबंधी आधारभूत जानकारी एकत्र की जाएगी।
नगर निगम में सुबह से ही पर्यवेक्षकों और प्रगणकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। तीनों जोनों के कर्मचारियों को अलग-अलग चरणों में बुलाकर किट वितरित की गई। जोन एक में 81 पर्यवेक्षक और 505 प्रगणक, जोन दो में 73 पर्यवेक्षक और 446 प्रगणक तथा जोन तीन में 69 पर्यवेक्षक और 432 प्रगणकों को कार्य आवंटित किया गया है।
नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय ने जानकारी देते हुए बताया कि शाम तक जोन एक में लगभग 60 प्रतिशत, जोन दो में 65 प्रतिशत तथा जोन तीन में करीब 70 प्रतिशत पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को किट वितरित की जा चुकी थी।
उन्होंने बताया कि पर्यवेक्षकों को नीले रंग का बैग तथा प्रगणकों को काले रंग का बैग प्रदान किया गया है। इन बैगों पर जनगणना-2027 अंकित किया गया है। पर्यवेक्षकों को दी गई किट में नियुक्ति पत्र, उनके अधीन कार्य करने वाले प्रगणकों की सूची, दूरभाष संख्या, क्षेत्रीय मानचित्र, डायरी, लेखनी, परिचय पत्र और टोपी उपलब्ध कराई गई है।
वहीं प्रगणकों को दी गई किट में उनके पर्यवेक्षक का नाम, दूरभाष संख्या, जनगणना क्षेत्र का मानचित्र, डायरी, लेखनी, परिचय पत्र और टोपी शामिल की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी कर्मचारियों को उनके कार्यक्षेत्र की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है ताकि जनगणना कार्य व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
नगर जनगणना अधिकारी मृत्युंजय ने बताया कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी पत्र भेजा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया में से एक है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं, आधारभूत सुविधाएं और सरकारी नीतियां तैयार की जाती हैं। इसलिए जनगणना कार्य को पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि जनगणना कार्य के दौरान पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें, ताकि सटीक आंकड़े तैयार किए जा सकें और विकास योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सके।








