शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सीनियर सिटीजंस वेलफेयर सोसायटी जिला इकाई की ओर से एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल अन्य पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, सामाजिक सहभागिता और जनहित योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
नवीन नगर स्थित एक विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन के संस्थापक के.एल. अरोड़ा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर स्थानीय इकाई की ओर से पगड़ी पहनाकर और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल सी.पी. छाबड़ा, आर.सी. शर्मा, बलराम अहलूवालिया और जी.एल. जसूजा को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा ने कहा कि सीनियर सिटीजंस वेलफेयर सोसायटी को राष्ट्रीय स्तर की मान्यता मिलना सभी सदस्यों के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने संगठन द्वारा संचालित “गरीब कन्या विवाह योजना” का उल्लेख करते हुए सभी सदस्यों और समाजसेवियों से इसमें बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना एक पुण्य कार्य है और समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर ऐसे कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बलराम अहलूवालिया ने कार्यक्रम में ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था के इस दौर में वरिष्ठ नागरिकों को भी तकनीकी जानकारी से जोड़ना आवश्यक है, ताकि वे सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आसानी से उठा सकें।
कार्यक्रम में रमेश शर्मा ने कहा कि के.एल. अरोड़ा के नेतृत्व में संगठन लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में संगठन की सक्रियता और कार्यशैली प्रेरणादायक है। वहीं जी.एल. जसूजा ने अपने संबोधन में लोगों को मांसाहार से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
टी.एस. चन्नी और नागेंद्र जोशी ने भी वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव समाज के लिए अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान व सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सामाजिक एकता, सेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह में मौजूद लोगों ने संगठन की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर मंडलाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, महानगर अध्यक्ष अजय अत्री, महासचिव अरुण सूरी, एस.पी. सिंह, अमृत अरोड़ा, विजय अरोड़ा, डॉ. मोहनलाल, सुरेंद्र लूथरा, सुधीर चौहान, के.एल. दावड़ा, रविंद्र सिंह, वीरेंद्र कुमार, नवीन तेहरी, प्रवेश लूथरा, मनजीत काला, जवाहरलाल धवन, रामकुमार शर्मा, जुगल किशोर मोंगा, मूलचंद आनंद, किरण अरोड़ा और सरोज गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अमृतलाल अरोड़ा ने की, जबकि संचालन संगठन के सचिव हरपाल सिंह ने किया। अंत में सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए समाज हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।








