शहरी चौपाल ब्यूरो
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। सहारनपुर के गागलहेड़ी स्थित रॉयल रिजॉर्ट में आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सदस्यता ग्रहण सम्मेलन में जहां एक ओर कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले बोले, वहीं दूसरी ओर कार्यक्रम के दौरान पार्टी के भीतर की गुटबाजी भी खुलकर सामने आ गई। मंच पर नेताओं के बीच पहले संबोधन को लेकर हुई नोकझोंक पूरे सम्मेलन में चर्चा का विषय बनी रही।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव एवं सहप्रभारी प्रदीप नरवाल, सांसद इमरान मसूद समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सम्मेलन का आयोजन सांसद इमरान मसूद की ओर से किया गया था।
कार्यक्रम से पहले चमारीखेड़ा टोल प्लाजा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ नेताओं का जोरदार स्वागत किया। नारेबाजी और ढोल-नगाड़ों के बीच नेताओं को जुलूस के रूप में कार्यक्रम स्थल तक लाया गया।
मंच पर दिखी अंदरूनी खींचतान
सम्मेलन शुरू होने के कुछ देर बाद ही कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। मंच संचालन और संबोधन के क्रम को लेकर नेताओं के बीच बहस की स्थिति बन गई। बताया गया कि महानगर अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद के बीच तीखी बहस हुई। वहीं डॉ. रागिब अंजुम के साथ भी कई बार कहासुनी की स्थिति बनी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिस प्रकार सम्मेलन की तैयारियों के दौरान शहर में अलग-अलग गुट सक्रिय दिखाई दे रहे थे, उसी का असर मंच पर भी नजर आया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच भी इसे लेकर चर्चा होती रही कि कांग्रेस में गुटबाजी अभी भी खत्म नहीं हो सकी है।
अजय राय ने भाजपा पर बोला हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में जनता की सरकार बनेगी और कांग्रेस मजबूती के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
उन्होंने दावा किया कि सहारनपुर की सातों और बनारस की आठों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। अजय राय ने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश के बड़े ठेके गुजरात के उद्योगपतियों को दिए जा रहे हैं और उत्तर प्रदेश का पैसा गुजरात भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ रही है। राहुल गांधी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और कांग्रेस कार्यकर्ता संघर्ष से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
अजय राय ने 2024 लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बनारस में कड़ी चुनौती मिली थी। उन्होंने दावा किया कि कई राउंड तक भाजपा पिछड़ती रही और मीडिया चैनलों ने दोपहर बाद मतगणना दिखाना बंद कर दिया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि कांग्रेस को मजबूत बनाना है तो बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना होगा। आने वाला समय कांग्रेस का है और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही पार्टी की जीत तय करेगी।
अविनाश पांडे बोले- भाजपा एजेंसियों का कर रही दुरुपयोग
राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें विकास कार्यों की बजाय केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने के लिए कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की गंगा-जमुनी तहजीब को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस सामाजिक सौहार्द और संविधान बचाने की लड़ाई लड़ती रहेगी।
उन्होंने कहा कि सहारनपुर में सांसद इमरान मसूद के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है और 2027 में प्रदेश में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
इमरान मसूद ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
सांसद इमरान मसूद ने अपने संबोधन में कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस पूरी ताकत के साथ लड़ेगी और उत्तर प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल चुनावी राजनीति नहीं करती बल्कि जनता के दुख-दर्द की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।
इमरान मसूद ने कहा कि सहारनपुर में कांग्रेस का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और जनता भाजपा की नीतियों से परेशान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं पर भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
कई पूर्व सपा-बसपा नेताओं ने थामा कांग्रेस का दामन
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से जुड़े कई बड़े नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इनमें पूर्व राज्य मंत्री सरफराज खान, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष इरशाद चौधरी, रईस मलिक, पूर्व ब्लॉक प्रमुख इमरान मलिक, प्रदीप चौधरी, मोहम्मद अफजल, राजपाल सिंह कर्णवाल, इसरार प्रमुख, पार्षद मंसूर, पार्षद मेनपाल और पार्षद जावेद अली प्रमुख रहे।
नेताओं को कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया गया। सम्मेलन में हुआ सम्मान समारोह
सम्मेलन के दौरान अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव अरविंद पालीवाल ने संविधान की प्रति भेंट की, जबकि विवेक कांत ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का चित्र नेताओं को भेंट किया। जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने लकड़ी की नक्काशी वाला मंदिर भेंट किया।
जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू ने नेताओं को सरोपा और तलवार भेंट कर सम्मानित किया।
बेटे के समर्थन में धरना स्थल भी पहुंचे सरफराज खान
राजनीतिक रूप से सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मंत्री सरफराज खान को लेकर रही। उन्होंने कार्यक्रम में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, लेकिन कुछ देर बाद अपने बेटे और सपा एमएलसी शाहनवाज खान के धरना स्थल पर भी पहुंचे। इससे राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेस कार्यकर्ता
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, नोमान मसूद, हमजा मसूद, मेहरबान आलम, गणेश दत्त शर्मा, नितिन शर्मा, संदीप चौधरी, विवेक कांत सिंह, डॉ. रागिब अंजुम, इमरान कुरैशी, अनुज शर्मा, श्वेता सैनी, सचिन कंबोज, पंकज कंबोज, रणबीर बंदूखेड़ी, अजय त्यागी, मोहित प्रधान, फाजिल हुसैन, मास्टर बृजपाल सिंह, रजनीश प्रधान, कार्तिक राणा, रोहन शर्मा, कृष्ण सैनी, फुरकान, हाशिम भाई, मोहम्मद आसिफ, पवन सिंह प्रधान, मेघराज सिंह, हर्ष ठाकुर, सुधांशु चौधरी, नितिन राणा, सोनू धीमान, निखिल चौहान, अरुण सिंह, प्रीतम सैनी, अजय राणा, हरविंदर सिंह राणा, रशीद अली, बंटी राणा, दीपक कुमार, पराग तोमर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।








