शहरी चौपाल ब्यूरो
नानौता। कस्बे में बुधवार को ड्रग विभाग की टीम ने औचक छापेमारी अभियान चलाकर कई मेडिकल स्टोरों की जांच की। ड्रग इंस्पेक्टर कपिल शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से मेडिकल संचालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान टीम ने मेडिकल स्टोरों पर दवाइयों के स्टॉक, खरीद-बिक्री रजिस्टर तथा लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। कई स्थानों से दवाओं के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
ड्रग इंस्पेक्टर कपिल शर्मा ने बताया कि बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाइयों की बिक्री और एक्सपायरी दवाओं को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह छापेमारी अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन न करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने सभी मेडिकल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दवाइयों का पूरा रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से रखा जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता न की जाए। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान से नकली और अवैध दवाओं की बिक्री पर रोक लगेगी और आम जनता को सुरक्षित दवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।








