Saharanpur News: नकुड़ में मोबाइल टावर का विरोध, आबादी के बीच टावर लगाने पर महिलाओं का प्रदर्शन

सहारनपुर के नकुड़ के मोहल्ला चौधरियान में आबादी के बीच मोबाइल टावर लगाए जाने के विरोध में महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। एसडीएम के निर्देश पर फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

नकुड़ (सहारनपुर)। नगर के मोहल्ला चौधरियान में आबादी के बीच मोबाइल टावर लगाए जाने के विरोध में शनिवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और साफ शब्दों में कहा कि वे किसी भी कीमत पर रिहायशी इलाके में मोबाइल टावर नहीं लगने देंगी। महिलाओं ने मोबाइल टावर से निकलने वाले रेडिएशन को स्वास्थ्य के लिए खतरनाक बताते हुए प्रशासन से निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला चौधरियान में पिछले करीब एक सप्ताह से एक व्यक्ति के प्लॉट में मोबाइल टावर स्थापित किए जाने की तैयारी चल रही थी। इसके लिए प्लॉट में गड्ढा खुदाई और निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस स्थान पर नया मोबाइल टावर लगाया जा रहा है, वहां पहले से ही एक बड़ा टावर मौजूद है। ऐसे में दूसरा टावर लगाए जाने से क्षेत्र में रेडिएशन का खतरा और बढ़ जाएगा।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह इलाका घनी आबादी वाला है और आसपास दो स्कूल भी स्थित हैं। ऐसे में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि मोबाइल टावर के खिलाफ पहले भी तहसील दिवस में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा।

नगर पालिका सभासद देवेंद्र कुमार कश्यप, पूर्व सभासद प्रेमलता कोरी तथा अन्य स्थानीय लोगों ने प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर निर्माण कार्य रोकने की मांग की थी। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो महिलाओं को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।

शनिवार सुबह दर्जनों महिलाएं निर्माण स्थल के बाहर एकत्र हुईं और जोरदार नारेबाजी करते हुए रास्ता जाम कर दिया। महिलाओं का कहना था कि वे किसी भी कीमत पर अपने मोहल्ले में दूसरा मोबाइल टावर नहीं लगने देंगी। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने हालात को संभालते हुए निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।

इसके बाद भी महिलाएं शांत नहीं हुईं और बड़ी संख्या में तहसील कार्यालय पहुंच गईं। वहां उन्होंने एसडीएम सुरेंद्र कुमार से मुलाकात कर मोबाइल टावर की अनुमति निरस्त करने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि लगातार बढ़ते रेडिएशन से कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से आबादी वाले क्षेत्र में मोबाइल टावर लगाने की अनुमति न देने की मांग की।

एसडीएम सुरेंद्र कुमार ने महिलाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारी को फिलहाल निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और महिलाओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।

प्रदर्शन के दौरान लता सैनी, नीलम सैनी, सुदेशना, रजनी, रुक्मणि गुप्ता, पुष्पा, डिंपल, बबीता, रंजीता, पंकज रोहिला, कार्तिक शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आबादी के बीच मोबाइल टावर लगाने पर रोक लगाई जाए।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य