शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 एवं प्रशिक्षण प्रदर्शनी का शनिवार को अंबाला रोड स्थित एक पैलेस में भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल ने किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित, स्वदेशी और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मोहित बेनीवाल ने कहा कि देश ने पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा, विकास और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखे हैं। केंद्र सरकार ने बाहरी चुनौतियों से निपटने के लिए मजबूत कदम उठाए हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संदेश भी दिया।
मोहित बेनीवाल ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के वैचारिक, संगठनात्मक और सामाजिक विकास के लिए निरंतर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान भी उसी श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्यों से जोड़ा जाता है।
कार्यक्रम में भाजपा की विचारधारा, अंत्योदय, एकात्म मानववाद और विकसित भारत के विजन से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने देखा। प्रशिक्षण अभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों, जनसंपर्क, सोशल मीडिया, बूथ प्रबंधन और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
इस अवसर पर प्रशिक्षण प्रभारी सत्यपाल सिंह पाल ने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र सेवा का माध्यम है। जिला प्रभारी डी.के. शर्मा ने संगठन को मजबूत बनाने में प्रशिक्षण की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, राघव लखन पाल शर्मा, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक कीरत सिंह, देवेंद्र निम, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, पूर्व मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी, पूर्व विधायक नरेश सैनी, रविंद्र कुमार मोल्हू, महिपाल सिंह माजरा, पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र सैनी, विजेंद्र कश्यप, राजपाल सिंह, मेलाराम पंवार, मानवीर पुंडीर और सुरेंद्र शर्मा सहित प्रदेश, क्षेत्र एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने की। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकते हैं।
प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगठन विस्तार, सेवा कार्य, डिजिटल प्रचार, चुनाव प्रबंधन और सामाजिक सहभागिता जैसे विषय शामिल रहेंगे। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि यह अभियान पार्टी कार्यकर्ताओं को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगा।








