शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में पत्रकारों के हितों, सुरक्षा और उनकी आवाज को अधिक मजबूती से उठाने के उद्देश्य से बुधवार को शहर के पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं, संगठनात्मक मजबूती और निष्पक्ष पत्रकारिता जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मौजूद पत्रकारों ने भविष्य में एक नए और सक्रिय संगठन के गठन पर सहमति जताई, जो पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का कार्य करेगा।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने कहा कि सहारनपुर में पहले से कई पत्रकार संगठन कार्यरत हैं और उन्होंने समय-समय पर पत्रकारों के हितों में कार्य भी किए हैं। उपस्थित लोगों ने सभी संगठनों के योगदान का सम्मान करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में तेजी से बदलती परिस्थितियों को देखते हुए एक ऐसे मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही है, जो पत्रकारों की समस्याओं और चुनौतियों पर अधिक सक्रियता से कार्य कर सके।
पत्रकारों ने कहा कि आज के समय में पत्रकारों को कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जरूरी है कि पत्रकार एकजुट होकर अपने अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के लिए संगठित रूप से आवाज उठाएं। बैठक में विशेष रूप से पत्रकार सुरक्षा, युवा पत्रकारों को मार्गदर्शन, निष्पक्ष पत्रकारिता, फील्ड में आने वाली समस्याओं तथा पत्रकार उत्पीड़न के मामलों में सामूहिक सहयोग जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई।
बैठक में शामिल वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी भी पुराने या वर्तमान संगठन का विरोध करना नहीं होगा, बल्कि पत्रकार बिरादरी को और अधिक मजबूत बनाना तथा पत्रकारों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय बढ़ाना रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसे मजबूत बनाए रखने के लिए पत्रकारों के बीच एकजुटता बेहद जरूरी है।
बैठक के दौरान यह भी तय किया गया कि आगामी बैठक में संगठन के नाम, उसकी संरचना और पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। साथ ही संगठन की कार्ययोजना तैयार कर पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उपस्थित पत्रकारों ने सुझाव दिया कि संगठन का स्वरूप पूरी तरह लोकतांत्रिक और पारदर्शी होना चाहिए, ताकि सभी पत्रकारों को समान सम्मान और प्रतिनिधित्व मिल सके।
बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी है और पत्रकारों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए एक मजबूत मंच का होना समय की आवश्यकता है।
पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह पहल सहारनपुर के पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय, सहयोग और सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।








