सहारनपुर में फोर्टिस हॉस्पिटल की प्रेस वार्ता, स्टेज-4 जीभ कैंसर मरीज का सफल इलाज

सहारनपुर में फोर्टिस हॉस्पिटल की प्रेस वार्ता में डॉक्टर कुलदीप ठाकुर ने स्टेज-4 जीभ कैंसर मरीज के सफल इलाज और आधुनिक कैंसर सर्जरी तकनीकों की जानकारी दी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित होटल पंजाब में गुरुवार को फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली की ओर से एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली के हैड एंड नेक ऑन्को सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. कुलदीप ठाकुर ने स्टेज-4 जीभ कैंसर से पीड़ित एक महिला मरीज के सफल उपचार की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आधुनिक कैंसर सर्जरी तकनीकों और समय पर उपचार के जरिए गंभीर से गंभीर कैंसर मरीजों को भी नया जीवन दिया जा सकता है।

प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. कुलदीप ठाकुर ने बताया कि हाल ही में फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली में 54 वर्षीय महिला मरीज का सफल इलाज किया गया, जो स्टेज-4 जीभ कैंसर से पीड़ित थीं। मरीज की जीभ के अगले हिस्से में लंबे समय से घाव था, जो लगातार बढ़ता जा रहा था। स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि एक दांत भी जीभ में लगातार चुभन पैदा कर रहा था, जिसके कारण मरीज को खाना चबाने और बोलने में भी काफी परेशानी हो रही थी।

उन्होंने बताया कि जांच और बायोप्सी के बाद यह पुष्टि हुई कि मरीज की जीभ में कैंसर तेजी से फैल रहा था। एमआरआई रिपोर्ट में स्टेज-4 कैंसर की पुष्टि होने के बाद तत्काल सर्जरी का निर्णय लिया गया। डॉ. ठाकुर के अनुसार मरीज की जीभ का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा कैंसर से प्रभावित था, जिसे सफल ऑपरेशन के माध्यम से हटाया गया।

डॉ. कुलदीप ठाकुर ने बताया कि सर्जरी के दौरान जीभ और गर्दन के कैंसरग्रस्त हिस्सों को बिना चेहरे पर कोई बड़ा चीरा लगाए हटाया गया। इसके बाद मरीज के हाथ से त्वचा लेकर प्रभावित हिस्से का पुनर्निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के बाद मरीज की रिकवरी बेहतर रही और पांच दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बाद में रेडिएशन थेरेपी भी दी गई, जिसके बाद मरीज अब सामान्य और स्वस्थ जीवन व्यतीत कर रही हैं।

प्रेस वार्ता में डॉ. ठाकुर ने कहा कि सिर और गर्दन के कैंसर के मामलों में समय पर पहचान और विशेषज्ञ उपचार बेहद जरूरी होता है। उन्होंने लोगों से तंबाकू, गुटखा और धूम्रपान जैसी आदतों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि मुंह में लंबे समय तक रहने वाला घाव, बोलने या निगलने में परेशानी और जीभ में लगातार दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली में आधुनिक रोबोटिक एवं एडवांस कैंसर सर्जरी तकनीकों के माध्यम से मरीजों का उपचार किया जा रहा है। डॉ. ठाकुर अब तक 1300 से अधिक सफल सर्जरी कर चुके हैं और जटिल हैड एवं नेक कैंसर मामलों में विशेषज्ञता रखते हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान उपस्थित लोगों ने कैंसर के प्रति जागरूकता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। डॉक्टरों ने कहा कि शुरुआती चरण में कैंसर की पहचान होने पर उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य