शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में भ्रष्टाचार उन्मूलन और प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर मंगलवार को एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (रजिस्टर्ड भारत सरकार) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय चीफ अध्यक्ष गौरव गाबा ने किया, जिसमें भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और समाज में पारदर्शिता स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान एसीएफआई सहारनपुर के कोर लेवल पदाधिकारियों ने एंटी करप्शन ब्यूरो संगठन सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के प्रभारी कुशलवीर सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहारनपुर जिले में बढ़ते भ्रष्टाचार, प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, आम नागरिकों की समस्याओं तथा शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने जैसे विषयों पर गंभीर मंथन किया।
राष्ट्रीय चीफ अध्यक्ष गौरव गाबा ने कहा कि भ्रष्टाचार केवल प्रशासनिक व्यवस्था की समस्या नहीं है, बल्कि यह समाज के विकास और आम जनता के अधिकारों पर सीधा प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया लगातार समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और न्याय की भावना को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। संगठन का उद्देश्य आम लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संगठन जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाता रहेगा।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने युवाओं को भ्रष्टाचार विरोधी अभियानों से जोड़ने, सरकारी विभागों में पारदर्शिता बढ़ाने तथा आमजन को शिकायत प्रणाली के प्रति जागरूक करने के लिए कई सुझाव दिए। इस दौरान यह भी विचार किया गया कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामाजिक संगठनों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
बैठक में शिकायत निवारण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, लोगों को डिजिटल शिकायत प्रणालियों की जानकारी देने तथा विभिन्न विभागों में जवाबदेही तय करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समाज का हर नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग हो जाए, तो भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।
दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने भविष्य में संयुक्त रूप से भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और उपस्थित लोगों ने समाज में जागरूकता अभियान चलाने पर भी सहमति जताई।
इस अवसर पर सहारनपुर कोर लेवल पदाधिकारी सुधीर भटेजा, एडवोकेट अशोक पोसवाल, गगन गुलाटी, प्रिंस बतरा, विपुल खुराना, अपूर्व वर्मा, गगनदीप सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।








