शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 29 मई 2026 के लिए जारी रेड अलर्ट के बाद जनपद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। संभावित तेज आंधी-तूफान, वज्रपात और भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी सहारनपुर की ओर से आमजन के लिए विशेष जनहित एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम को लेकर पूरी सतर्कता बरतने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि जनपद में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में भारी बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों के भीतर ही सुरक्षित रहें और बेहद जरूरी होने पर ही बाहर निकलें।
प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लोग बड़े होर्डिंग्स, साइनबोर्ड, कमजोर या जर्जर दीवारों तथा पुराने पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवा के दौरान ऐसे स्थान हादसों का कारण बन सकते हैं। साथ ही निर्माणाधीन भवनों और खुले इलाकों में भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मेघगर्जन और वज्रपात को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एडवाइजरी में कहा गया है कि बिजली चमकने और गरजने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रयोग बंद कर दें तथा खुले मैदान, तालाब, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और खेतों में कार्य कर रहे लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
संभावित ओलावृष्टि को देखते हुए लोगों को अपने सिर को ढककर सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मवेशियों और पालतू जानवरों को पक्के शेड में बांधने की सलाह दी गई है। वहीं जलभराव वाले रास्तों और गिरे हुए बिजली के तारों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि ऐसे स्थानों पर जाने से जानमाल का खतरा बढ़ सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सक्रिय कर दिया गया है। आमजन सहायता के लिए कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0132-2723971 और 0132-2723344 पर तत्काल संपर्क कर सकते हैं। संबंधित विभागों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
प्रशासन की ओर से बिजली विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को संभावित जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और सड़क अवरोध जैसी स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जनपद में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि किसी भी संभावित नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।








