शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। ईद-उल-अजहा का पर्व गुरुवार को नगर एवं क्षेत्र में परंपरागत, शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। नगर की ईदगाह सहित चार प्रमुख स्थानों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा कर देश और दुनिया में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।
ईदगाह में नमाज से पूर्व जामा मस्जिद के इमाम मौलाना मुनव्वर हुसैन ने तकरीर करते हुए कहा कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे, मोहब्बत और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। वहीं मौलाना गालिब ने अपने संबोधन में कहा कि ईद-उल-अजहा हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी और त्याग की याद दिलाता है तथा इंसान को अल्लाह की राह में समर्पण का संदेश देता है।
पर्व को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क दिखाई दिए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस क्षेत्राधिकारी रुचि गुप्ता, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेश कुमार शर्मा, निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सोनकर एवं कस्बा इंचार्ज देवेंद्र अधाना पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में मुस्तैद रहे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था। अधिकारियों ने समय-समय पर क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नगर में ईदगाह के अलावा मदरसा मजहरूल उलूम, मदरसा हिफजुल कुरआन एवं मस्जिद हमजा में भी नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।
ईद-उल-अजहा के मौके पर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही लोग नए कपड़े पहनकर ईदगाहों और मस्जिदों की ओर जाते दिखाई दिए। नमाज के बाद लोगों ने अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
नगर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रशासन सक्रिय रहा। ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास नगर पंचायत की ओर से विशेष साफ-सफाई कराई गई थी, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष शाहनवाज खान, सभासद जुनैद असगर, राव जीशान, फरमान निजामी, हसीब निजामी, आमिर कुरैशी, अमीर आलम, अमजद खान, पूर्व सभासद डॉ. इदरीश अहमद, अरशद निजामी, इरशाद निजामी एवं शमशाद अली खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।








