माँ शाकंभरी देवी क्षेत्र में अचानक जलप्रवाह से दो महिलाओं की मौत, डीएम-एसएसपी ने संभाला मोर्चा

सहारनपुर के माँ शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में अचानक तेज जलप्रवाह आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। डीएम और एसएसपी ने मौके का निरीक्षण कर राहत कार्यों की समीक्षा की तथा श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। शिवालिक पहाड़ियों में लगातार हो रही बारिश के बीच थाना मिर्जापुर क्षेत्र स्थित सिद्धपीठ माँ शाकंभरी देवी मंदिर के निकट अचानक आए तेज जलप्रवाह ने देर रात बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। जलप्रवाह की चपेट में आने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मंदिर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी बेहट तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा भी की।

प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 28 और 29 मई की मध्य रात्रि लगभग 12 बजे से 2 बजे के बीच अचानक पहाड़ी क्षेत्र से तेज जलप्रवाह आया। इसी दौरान दो महिलाएं पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद दोनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रशासन ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा पहले ही भारी बारिश और खराब मौसम का अलर्ट जारी किया गया था। इसी के चलते पुलिस और प्रशासनिक टीमें पूर्व से ही क्षेत्र में तैनात थीं। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को लगातार पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही थी। साथ ही कई श्रद्धालुओं को धर्मशालाओं और सुरक्षित स्थलों पर शिफ्ट भी किया गया था।

बताया गया कि देर रात एक महिला किसी कारणवश धर्मशाला से बाहर निकल गईं और अचानक आए जलप्रवाह की चपेट में आ गईं। दूसरी महिला भी पानी के तेज बहाव में बह गई। प्रशासन का कहना है कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए लगातार लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए जा रहे थे।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि जिला प्रशासन मौसम विभाग और डिजास्टर मैनेजमेंट टीम के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि आगामी वीकेंड और संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संयुक्त ड्यूटी लगाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित एसओपी के अनुसार लगातार निगरानी रखी जा रही है और श्रद्धालुओं को समय-समय पर दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

प्रशासन ने अन्य जनपदों और राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं तक भी मौसम और सुरक्षा संबंधी सूचनाएं पहुंचाने की व्यवस्था की है। विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए लोगों को जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही है।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और जलप्रवाह वाले क्षेत्रों के पास न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। लगातार बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य