महोबा कांड पर कांग्रेस का हमला, पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग तेज

सहारनपुर में कांग्रेस की प्रेस वार्ता में महोबा कांड को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए। नेताओं ने पीड़िता को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शुक्रवार को सहारनपुर जिला कांग्रेस कार्यालय में महोबा की दलित छात्रा के साथ हुए कथित दुष्कर्म और अमानवीय व्यवहार के मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार को महिलाओं और कमजोर वर्गों की सुरक्षा के मुद्दे पर घेरा तथा पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग उठाई।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मसूद अख्तर ने कहा कि महोबा की दलित बेटी के साथ हुई घटना बेहद दुखद और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का रवैया पूरी तरह असंवेदनशील दिखाई दे रहा है। मसूद अख्तर ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार से मिलने और उनका दुख साझा करने पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ सरकार के नुमाइंदों द्वारा उनकी संपत्ति की जांच की मांग करना राजनीतिक पूर्वाग्रह और द्वेषपूर्ण मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा पीड़ितों के साथ खड़ी रही है और आगे भी न्याय की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। मसूद अख्तर ने कहा कि सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचा, जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीड़िता के घर जाकर परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले अजय राय को पीड़िता से मिलने से रोकने का प्रयास किया और बाद में उनके खिलाफ राजनीतिक माहौल बनाया गया।

पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रही है और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि महोबा की घटना प्रदेश में महिलाओं और कमजोर वर्गों के खिलाफ बढ़ते अपराधों का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जारी एनसीआरबी के आंकड़े भी उत्तर प्रदेश में अपराधों की बढ़ती घटनाओं की पुष्टि करते हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में पारदर्शिता चाहती है तो उसे अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की भी जांच करानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा और महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस प्रेस वार्ता में एआईसीसी सदस्य चौधरी मुजफ्फर अली, पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, नितिन शर्मा, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, इमरान कुरेशी, सोनू पठान, मयंक राणा, कार्तिक राणा, इरशाद प्रधान, मोहित शर्मा, प्रभजीत सिंह, गुलफाम अंसारी, नसीब खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य