शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर नगर निगम के सहयोग से ‘स्पेस’ सोसायटी द्वारा बुधवार को शहर के तीन वार्डों में नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत वार्ड-54 नूर बस्ती दिनेश विहार में मदन भारती द्वारा लिखित नुक्कड़ नाटक ‘कचरा डॉन’ का मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी एवं आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) नोडल अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने रिबन काटकर किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण असंतुलन का ही परिणाम है कि आज लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों में किचन गार्डन विकसित करने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग बंद करने तथा कपड़े के थैलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। वार्ड-54 की स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष इसरार चौधरी ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग दिया।
इसी क्रम में वार्ड-17 घड़ी मलूक नंबर-1 में आयोजित नुक्कड़ नाटक का शुभारंभ पार्षद संजीव कर्णवाल ने किया। वहीं वार्ड-45 मोहल्ला छिपियान में भी कलाकारों ने स्वच्छता आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
नाटक के दौरान मदन भारती ने नागरिकों को गीले, सूखे, सैनिटरी एवं घरेलू हानिकारक कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने की आवश्यकता समझाई। कलाकारों ने स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अमित तोमर, सुधाकर, समाजसेवी मुमताज देवबंदी, स्पेस सोसायटी की प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश कुमारी, फील्ड सुपरवाइजर वंदना, सुनीता, ज्योति तथा नगर निगम की टीम के सदस्य उपस्थित रहे। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ सहारनपुर के निर्माण में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।








