नगरायुक्त ने परखी जोन कार्यालयों की व्यवस्था, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

सहारनपुर नगरायुक्त शिपू गिरि ने तीनों जोन कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर म्यूटेशन के सभी आवेदन ई-नगर सेवा पोर्टल के माध्यम से लेने के निर्देश दिए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों की लंबित फाइलों और नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। नगरायुक्त शिपू गिरि ने गुरुवार को नगर निगम के जोन-1, जोन-2 और जोन-3 कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों से संबंधित लंबित मामलों, म्यूटेशन प्रक्रिया तथा नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत नुमाइश कैंप स्थित जोन-1 कार्यालय से हुई। यहां नगरायुक्त ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों से संबंधित लंबित फाइलों की जानकारी ली। सहायक नगरायुक्त एवं जोन प्रभारी जे.पी. यादव ने बताया कि बड़ी संख्या में फाइलें एसडीएम और सीएमओ कार्यालयों में लंबित हैं। इस पर नगरायुक्त ने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए।

नगरायुक्त शिपू गिरि ने स्पष्ट निर्देश दिए कि म्यूटेशन से संबंधित सभी आवेदन केवल ई-नगर सेवा पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी मामला ऑफलाइन प्राप्त होता है तो संबंधित कर्मचारी अथवा अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ऑनलाइन व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने तथा अन्य कार्यों के लिए आए नागरिकों से भी संवाद किया और उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। नागरिकों ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया, जिसके बाद नगरायुक्त ने सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विजिटर रूम को व्यवस्थित करने, वहां टेलीविजन लगाने, शुद्ध पेयजल के लिए आरओ सिस्टम को सुविधाजनक स्थान पर स्थापित करने तथा खिड़कियों पर टीन शेड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जोन कार्यालय के प्रवेश द्वार को व्यवस्थित करने के लिए निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

इसके बाद नगरायुक्त ने हकीकत नगर स्थित जोन-2 कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां जोनल प्रभारी श्रुति माहेश्वरी ने बताया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों से संबंधित लगभग 400 फाइलें एसडीएम और सीएमओ कार्यालयों में लंबित हैं। नगरायुक्त ने इस संबंध में भी शीघ्र पत्राचार कर मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

मनोहरपुर स्थित जोन-3 कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जोन प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि लगभग 240 फाइलें विभिन्न स्तरों पर लंबित हैं। नगरायुक्त ने इन मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय के लिए स्वीकृत सभी आवश्यक संसाधन और उपकरण शीघ्र उपलब्ध कराए जाएं ताकि जोन कार्यालयों का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से हो सके।

नगरायुक्त ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए ऑनलाइन सेवाओं को बढ़ावा देने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता में रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाओं का लाभ निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान सहायक जोनल अधिकारी एवं कर अधीक्षक आशुतोष गुप्ता सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य