शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम के सहयोग से स्पेस सोसायटी द्वारा तीन वार्डों में नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर नागरिकों को स्वच्छता अपनाने, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, कपड़े के थैलों का प्रयोग बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देशानुसार वार्ड स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत वार्ड संख्या 54 नूर बस्ती दिनेश विहार में मदन भारती द्वारा लिखित नुक्कड़ नाटक ‘कचरा डॉन’ का मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी एवं आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) नोडल अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने रिबन काटकर किया।
इस अवसर पर डॉ. संदीप मिश्रा ने कहा कि पर्यावरणीय असंतुलन का ही परिणाम है कि आज लोगों को भीषण गर्मी और बदलते मौसम की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों में किचन गार्डन विकसित करने तथा अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
वार्ड 54 की स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष इसरार चौधरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग दिया। वहीं वार्ड 17 घड़ी मलूक नंबर एक में आयोजित नुक्कड़ नाटक का शुभारंभ वार्ड पार्षद संजीव कर्णवाल द्वारा किया गया। इसके अलावा वार्ड 45 मोहल्ला छिपियान में भी कलाकारों ने स्वच्छता पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति देकर लोगों को जागरूक किया।
नाटक के माध्यम से नागरिकों को गीले, सूखे, सैनिटरी और घरेलू हानिकारक कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने का संदेश दिया गया। कलाकारों ने बताया कि कचरे का उचित प्रबंधन ही स्वच्छ शहर की नींव है। साथ ही लोगों को यह भी समझाया गया कि एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक है।
मंचन के दौरान उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही सहारनपुर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अमित तोमर, सुधाकर, समाजसेवी मुमताज देवबंदी, स्पेस सोसायटी की प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश कुमारी, फील्ड सुपरवाइजर वंदना, सुनीता, ज्योति सहित नगर निगम और संस्था के अनेक प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न वार्डों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।








