शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। मंगलवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने शहर के गौरी शंकर इंटर कॉलेज, हसनपुर चुंगी सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम संचालन तथा परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में पहुंचकर कैमरों के माध्यम से परीक्षा गतिविधियों की निगरानी व्यवस्था का भी अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जनपद में बनाए गए 29 परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 80.19 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। दूसरी पाली की परीक्षा भी कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच संचालित की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक अभ्यर्थी की निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए। साथ ही प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, परीक्षा कक्षों की निगरानी तथा केंद्रों के आसपास कानून व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा व्यवधान उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप भर्ती परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। जनपद में परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।








