पेड़ी निर्माण को लेकर विवाद में युवक पर चाकू से हमला, गंभीर घायल

शहरी चौपाल ब्यूरो 

गंगोह। घर के बाहर पेड़ी निर्माण के दौरान शुरू हुआ पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मोहल्ला गुलाम औलिया निवासी अब्दुल सैफ ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसके घर पर राजमिस्त्री और मजदूर पेड़ी निर्माण का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी ने अपनी स्कूटी निकालने के लिए रास्ते में रखा तसला हटाने को कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो कुछ ही देर में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।

पीड़ित का आरोप है कि विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने उस पर हमला कर दिया और उसके सिर पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पीड़ित ने कई लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

कोतवाली प्रभारी इन्द्रेश कुमार चौहान ने बताया कि मारपीट की सूचना प्राप्त हुई थी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य