नानौता में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

नानौता में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अधिकारियों ने नई परंपराएं शुरू न करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और जुलूस के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।

फैय्याज अली आब्दी 

नानौता (सहारनपुर)। आगामी माहे मोहर्रम को लेकर नानौता में प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मोहर्रम के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए धार्मिक आयोजनों को परंपरागत तरीके से संपन्न कराना रहा। बैठक में अधिकारियों ने आयोजकों और समाज के जिम्मेदार लोगों से सहयोग की अपील करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिसोदिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उप जिलाधिकारी अपूर्वा शर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के अवसर पर कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी और सभी धार्मिक कार्यक्रम पूर्व निर्धारित परंपराओं एवं प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप ही आयोजित किए जाएंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिसोदिया ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। सभी लोग मिलजुलकर इस पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जुलूसों के दौरान किसी भी विदेशी नेता की फोटो, बैनर, पोस्टर अथवा टी-शर्ट का इस्तेमाल नहीं किया जाए। साथ ही किसी भी ऐसी गतिविधि से बचने की सलाह दी गई जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की संभावना हो।

उप जिलाधिकारी अपूर्वा शर्मा ने पिछले वर्ष मोहर्रम के दौरान हुई एक अप्रिय घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने आयोजकों और समुदाय के लोगों से अपील की कि जुलूस के दौरान दूध, कोल्ड ड्रिंक, शरबत अथवा किसी भी प्रकार के तरल पदार्थों के छिड़काव या वितरण जैसी गतिविधियों से परहेज किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो और पूर्व में हुई घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध ने भी लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से भी बचने की अपील की गई।

बैठक के दौरान नगर पंचायत चेयरमैन पति अफजाल खान ने जानकारी दी कि मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों पर मौजूद अधिकांश गड्ढों को भरने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जुलूस के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर पंचायत पूरी तरह तैयार है। आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों की भी व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में मौजूद गणमान्य लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि मोहर्रम का पर्व क्षेत्र की परंपरागत गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। सभी ने मिलकर शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर चेयरमैन पति अफजाल खान, नवेद अख्तर बबली, मौलाना सैय्यद असद, पूर्व सभासद अमजद खान, शाह अब्बास जैदी, शमशेर प्रमुख, रियाज हुसैन, अमीर हैदर, शौक रजा आब्दी, मोनू आब्दी, अमजद अली, सभासद सादिक सैफी, वकील हैदर, पूर्व सभासद इकबाल कुरैशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य