फैय्याज अली आब्दी
नानौता (सहारनपुर)। नगर के मुख्य बाजार स्थित रामलीला मैदान में श्री रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत चेयरमैन पति अफजाल खान को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सभासदों और अन्य गणमान्य लोगों का भी माला पहनाकर स्वागत किया गया।
रामलीला मैदान में अपने समर्थकों के साथ पहुंचे अफजाल खान का कमेटी के महासंरक्षक योगेश गुप्ता और प्रबंधक पुष्पेंद्र भटनागर ने माला पहनाकर तथा ट्रॉफी भेंटकर स्वागत किया। इसके साथ ही सभासद शाहिद खान, सभासद सादिक सैफी, पूर्व सभासद अनीस कुरैशी, सभासद शब्बु सिद्दीकी, पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख शमशेर खान और व्यापारी नेता सलमान मलिक का भी माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर अफजाल खान ने श्री रामलीला कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक संदेश देना चाहिए। धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को आपस में जोड़ने तथा सामाजिक एकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में महासंरक्षक योगेश गुप्ता, प्रबंधक पुष्पेंद्र भटनागर, विजेंद्र रोहिला, दिनेश शर्मा, अरविंद गर्ग, नीरज जैन, धीरज रोहिला, सतीश रोहिला और जितेंद्र जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








