शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह (सहारनपुर)। दीपावली के दौरान पटाखों की खरीद-फरोख्त को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार एक पक्ष के मोहड़ा निवासी अक्षय, हन्नी और पिंकी मारपीट में घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के गांव दूधला निवासी बिट्टू का आरोप है कि कार सवार कुछ लोग उसकी दुकान पर पटाखे खरीदने पहुंचे थे। आरोप है कि पटाखे खरीदने के बाद जब उनसे पैसे मांगे गए तो उन्होंने भुगतान नहीं किया। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
बिट्टू के अनुसार मारपीट में वह स्वयं, उसका भाई अंकुर और बेटा लविश घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी छह घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बिट्टू और अंकुर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि अभी मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







