शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह (सहारनपुर)। दो सगी बहनों के निकाह समारोह को लेकर गंगोह में विवाद खड़ा हो गया है। वधु पक्ष ने कुछ लोगों पर शादी समारोह में बाधा डालने और गार्डन मालिक को फोन कर कार्यक्रम रद्द कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दोनों बहनों ने कोतवाली में तहरीर देकर निकाह समारोह शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला अनारकली निवासी दोनों सगी बहनों के माता-पिता ने उनकी शादी 12 नवंबर 2026 को तय की है। निकाह समारोह के लिए मोहल्ला मोहम्मद गौरी स्थित बड़े कब्रिस्तान के पास एक गार्डन बुक कराया गया है। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन अब समारोह को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है।
बहनों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जिन युवकों से उनका निकाह होना है, वे मुस्लिम हैं, लेकिन उनके नाम हिंदू परंपरा के अनुसार हैं। आरोप है कि कुछ लोग इसी बात को आधार बनाकर शादी में अड़चन पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। बहनों के मुताबिक एक अज्ञात व्यक्ति ने गार्डन मालिक को फोन कर शादी का कार्यक्रम रद्द करने का दबाव बनाया। फोन करने वाले ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि समारोह होने दिया गया तो रोहित प्रधान को बुलाकर कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा।
बहनों का आरोप है कि इस फोन कॉल के बाद गार्डन मालिक भी शादी समारोह कराने से पीछे हटने लगा है। इससे परिवार की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने पुलिस से फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने तथा निकाह समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। गार्डन मालिक को फोन करने और धमकी देने के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष रोहित प्रधान ने कहा कि उन्हें किसी व्यक्ति द्वारा गार्डन मालिक को फोन कर धमकी देने की जानकारी नहीं है। यदि किसी ने उनके नाम का इस्तेमाल कर धमकी दी है तो पुलिस इसकी जांच कर कार्रवाई करे। उन्होंने नामों और धार्मिक परंपराओं को लेकर भी सवाल उठाए, हालांकि शादी रुकवाने या किसी को धमकी देने में अपनी भूमिका से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







