मनोज धनगर
नकुड़ (सहारनपुर)। दीपावली के दिन एक परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया। नगर के मोहल्ला सुजातपुरा स्थित दलित बस्ती में रविवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एकत्रित हो गए। मोहल्लेवासियों ने क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला सुजातपुरा में एसडीएम आवास से चंद कदम की दूरी पर रहने वाले धारा सिंह के पुत्र अंकित की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अंकित की मौत की खबर फैलते ही मोहल्ले में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बन गया। मोहल्लेवासियों ने युवक के आसपास उठने-बैठने वाले कुछ साथियों के घर पहुंचकर पूछताछ की और चेतावनी दी कि यदि गली में कोई नशीले पदार्थों का कारोबार करता मिला तो उसे पुलिस के हवाले किया जाएगा।
मोहल्ले की सभासद मीना देवी ने आरोप लगाया कि मोहल्ला सुजातपुरा और ईदगाह रोड के आसपास कुछ लोग नशे का कारोबार कर रहे हैं। इसके चलते बस्ती के युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है और कई युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि अंकित की मौत के पीछे भी नशे की लत एक वजह हो सकती है। हालांकि, युवक की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
मीना देवी और अन्य मोहल्लेवासियों का कहना था कि यदि समय रहते नशे के कथित कारोबार पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले समय में कई परिवारों के बच्चे इसकी चपेट में आ सकते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे का कारोबार करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
मोहल्ले के कुछ जिम्मेदार लोगों के समझाने के बाद अंकित का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में स्मैक या अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार जारी मिला तो वे स्वयं इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे। पूर्व सभासद अजय, सुमित, प्रमोद, मीनू, सावित्री, रीना सहित सैकड़ों महिला-पुरुष मौजूद रहे।
इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि थाने पर अभी तक कोई लिखित सूचना नहीं मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। फिलहाल युवक की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।







