शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। अंबाला रोड स्थित रुतबा बैंक्वेट हॉल पर प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब मामला और गंभीर रूप लेता जा रहा है। अग्निशमन विभाग की सख्ती के बीच अब इस पूरे प्रकरण में विद्युत विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय स्तर पर यह मांग जोर पकड़ रही है कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने नियमों को दरकिनार कर बिजली कनेक्शन जारी किया, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामले में सामने आ रही जानकारी के अनुसार, जिस व्यक्ति के नाम पर बैंक्वेट हॉल संचालित किया जा रहा है और जिस व्यक्ति के नाम जमीन की वास्तविक रजिस्ट्री बताई जा रही है, दोनों अलग-अलग हैं। इसके बावजूद बिजली कनेक्शन जारी होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। आमतौर पर विद्युत कनेक्शन देने के लिए वैध स्वामित्व या अधिकृत दस्तावेज अनिवार्य होते हैं, लेकिन इस मामले में कथित तौर पर इन नियमों की अनदेखी की गई।
सूत्रों का कहना है कि बिना वैध स्वामित्व के कनेक्शन जारी करना केवल लापरवाही नहीं, बल्कि एक सुनियोजित मिलीभगत की ओर इशारा करता है। यही कारण है कि अब जनमानस और विभिन्न संगठनों द्वारा यह मांग उठ रही है कि ऐसे कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लग सके।
इस बीच अग्निशमन विभाग की रिपोर्ट में पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है कि बैंक्वेट हॉल में अग्नि सुरक्षा मानकों का घोर उल्लंघन हुआ है। कई बार नोटिस देने के बावजूद सुधार न होने पर बिजली काटने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही अवैध निर्माण, बेसमेंट छिपाने और फर्जी दस्तावेजों के उपयोग की भी बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते विभागीय स्तर पर सख्ती दिखाई जाती, तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। अब जब मामला खुलकर सामने आ गया है, तो प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वह पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को चिन्हित करेगा।
जिला प्रशासन के लिए यह एक बड़ी परीक्षा बन गई है कि वह इस मामले में कितनी पारदर्शिता और सख्ती दिखाता है। यदि विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होती है, तो यह एक बड़ा संदेश जाएगा कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल, सहारनपुर में यह मुद्दा चर्चा का केंद्र बना हुआ है और सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना भी जताई जा रही है।








