शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपदीय साइबर सैल, सहारनपुर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में सराहनीय कार्य करते हुए पीड़ित को 13,27,798 रुपये की धनराशि वापस दिलाई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 मार्च 2026 को माधोनगर निवासी अमित कुमार ने थाना साइबर क्राइम में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने ट्रेडिंग के नाम पर उनसे 1,02,00,000 रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में थाना साइबर क्राइम सहारनपुर में मुकदमा संख्या 13/26 धारा 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के पर्यवेक्षण में साइबर सैल टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। संबंधित नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए टीम ने 20 अप्रैल 2026 को पीड़ित के खाते में 13,27,798 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई।
पुलिस के अनुसार, शेष ठगी गई धनराशि की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और जल्द ही पूरे मामले का सफल अनावरण किया जाएगा। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने साइबर सैल टीम का आभार व्यक्त किया है।
इस सराहनीय कार्य में निरीक्षक जावेद खान (प्रभारी साइबर सैल), निरीक्षक इन्द्रेश चौहान (प्रभारी थाना साइबर क्राइम), हेड कांस्टेबल आदित्य राणा, कांस्टेबल गौरव कुमार, अनिल कुमार, अबनेश कुमार, मनोज कुमार, लवेश कुमार और सौरभ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अंजान व्यक्ति के साथ अपनी गोपनीय जानकारी या ओटीपी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।








