शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट (सहारनपुर)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने शनिवार को सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर पहुंचकर मां शाकंभरी देवी के दर्शन किए और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की।
मंदिर में उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया। शाकंभरी क्षेत्र का यह प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है, जहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
मंदिर जाते समय फतेहपुर बस स्टैंड स्थित कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने अरुण सिंह का भव्य स्वागत किया। पुष्पमालाओं, बुके और जयघोषों के साथ माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। “भारत माता की जय” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से क्षेत्र गूंज उठा।
स्वागत करने वालों में डॉ. सचिन सैनी, कुलदीप चौहान, नीटू सैनी, नवीन चौहान, दीपक सैनी, विनय चौहान, गजेंद्र चौहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस दौरान राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी, पूर्व विधायक महिपाल माजरा, पूर्व विधायक नरेश सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन को मजबूत करने का आह्वान
अरुण सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसका श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा को जाता है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं को पहुंचाएं और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाएं।








