शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा एवं भारतीय किसान यूनियन वर्मा की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को चिलकाना रोड स्थित महफूज गार्डन में आयोजित हुई। बैठक में पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया गया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत छोड़कर लौटे आसिम मलिक का संगठन में स्वागत करते हुए उन्हें आंदोलन की मजबूती के लिए अहम बताया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण होने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिसके चलते यहां के लोगों को विकास, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और अब वह समय दूर नहीं जब पश्चिम प्रदेश का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य बनने से यहां की आठ करोड़ जनता को न्याय मिलेगा और क्षेत्र का संतुलित विकास संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रही है, लेकिन प्रदेश सरकारें लगातार इस क्षेत्र की अनदेखी करती रही हैं।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लखनऊ में बैठी सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास के प्रति गंभीर नहीं है। यहां के अधिवक्ता पिछले 45 वर्षों से हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी। उन्होंने कहा कि यदि पृथक पश्चिम प्रदेश का गठन होता है तो यहां राजधानी, हाईकोर्ट, बेहतर शिक्षा संस्थान, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
बैठक में भगत सिंह वर्मा ने कहा कि किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। गन्ना भुगतान, बिजली दरों, सिंचाई व्यवस्था और कृषि लागत जैसे मुद्दों पर सरकार किसानों को राहत देने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन वर्मा किसानों के हकों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
इस दौरान संगठन में वापसी करने वाले प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने कहा कि वह पुनः अपने परिवार में लौटे हैं और अब पूरी मजबूती के साथ किसानों और पृथक पश्चिम प्रदेश आंदोलन के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम प्रदेश निर्माण समय की आवश्यकता है और इसके लिए युवाओं को आगे आना होगा। उन्होंने युवाओं से आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की।
बैठक में संगठन विस्तार करते हुए डॉ. अब्दुल खालिक को मंडल प्रभारी, अब्दुल सत्तार को महानगर मंत्री तथा मोहम्मद गुलबहार को सेक्टर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने नव नियुक्त जिम्मेदारों का स्वागत करते हुए आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता हाजी वली मोहम्मद ने की जबकि संचालन समीर राव ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया प्रभारी दुष्यंत सिंह, प्रदेश सचिव एजाज अहमद, प्रदेश संगठन मंत्री धर्मवीर चौधरी, जिला संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष मुकर्रम प्रधान, अर्सलान राव, वली उल्लाह, मोहम्मद सलमान, खालिद मलिक, शाह नजर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में पदाधिकारियों ने पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण को लेकर बड़े आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा की और कहा कि आने वाले समय में जनजागरण अभियान तेज किया जाएगा।








