शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती खपत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चल रहे जागरूकता अभियानों के बीच हिन्दू जागरण मंच पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर सूर्यकांत सिंह के परिवार ने इलेक्ट्रिक वाहन अपनाकर समाज के सामने नई मिसाल पेश की है। “पेट्रोलियम पदार्थ बचाओ-इलेक्ट्रिक वाहन अपनाओ” अभियान के अंतर्गत उनके परिवार ने डीजल कार के स्थान पर मारुति सुजुकी की बिजली चालित विटारा ईवी कार खरीदी। यह वाहन सहारनपुर स्थित नेक्सा तान्या मोटर्स से लिया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने पेट्रोलियम बचत, पर्यावरण संरक्षण और इलेक्ट्रिक वाहनों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि तेजी से बढ़ते प्रदूषण और पेट्रोलियम आयात पर बढ़ती निर्भरता को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाना समय की आवश्यकता बन चुका है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जसवंत सैनी ने कहा कि भारत का पेट्रोलियम आयात बिल लगातार बढ़ रहा है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था पर भी प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाएं तो न केवल पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ा योगदान मिलेगा। उन्होंने समाज के लोगों से जागरूक होकर ईवी वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
हिन्दू जागरण मंच पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने कहा कि समाज में परिवर्तन लाने के लिए स्वयं से शुरुआत करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। इसी सोच के तहत डीजल कार के स्थान पर इलेक्ट्रिक वाहन खरीदा गया है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए और लोग नई तकनीक को अपनाने के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से न केवल प्रदूषण कम होगा बल्कि आने वाले समय में आम लोगों को ईंधन पर होने वाले खर्च से भी राहत मिलेगी। सरकार भी लगातार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं चला रही है और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा ने कहा कि युवाओं को देश की अर्थव्यवस्था, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाला समय इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का है और युवाओं को तकनीकी बदलाव के साथ आगे बढ़ना होगा।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मानवीर पुंडीर, हिन्दू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष मांगेराम त्यागी, भाजपा नेता विनोद कौशिक, गौरव चौधरी, डॉ. रजत शर्मा, डॉ. अपूर्वा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों के लाभों पर चर्चा की गई और लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग से शहरों में प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी। साथ ही यह ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








