सहारनपुर नगर निगम जनसुनवाई में उठीं गृहकर, बिजली और सफाई की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश

सहारनपुर नगर निगम की संभव पोर्टल जनसुनवाई में गृहकर बिल, बिजली, सफाई और आवारा कुत्तों से जुड़ी समस्याएं उठीं। अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव ने अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। नगर निगम द्वारा संचालित संभव पोर्टल जनसुनवाई में मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गृहकर बिल, बिजली व्यवस्था, सफाई और आवारा कुत्तों की समस्या से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष पहुंचीं। जनसुनवाई में कुल छह शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से एक समस्या का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नगर निगम कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बिजली की खराब लाइटें, गृहकर एवं जलकर बिल में त्रुटियां, सफाई व्यवस्था और आवारा कुत्तों की शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।

वार्ड संख्या 43 चौकी शहादत निवासी रवि छाबड़ा ने अपने मोहल्ले में खराब पड़ी बिजली की लाइट और चेंज ओवर सिस्टम को ठीक कराने की मांग रखी। वहीं वार्ड 48 आवास विकास निवासी के.एल. बब्बर ने कॉलोनी में लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने तथा क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की शिकायत दर्ज कराई।

इसके अलावा वार्ड 28 जनक नगर निवासी अशरफ इकबाल ने गृहकर और जलकर बिल में त्रुटियों को ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इसी प्रकार वार्ड 04 हसनपुर दिल्ली रोड निवासी नंद किशोर ने भी अपने गृहकर बिल में गड़बड़ी की शिकायत करते हुए जांच कर संशोधन कराने की मांग की।

जनसुनवाई के दौरान किशनपुरा निवासी नंदकिशोर ने क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया और निगम से कुत्तों को पकड़वाने की मांग की। इस पर अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव ने नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव ने कहा कि नगर निगम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि गृहकर और जलकर बिलों में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि लोगों को सही बिल उपलब्ध कराए जा सकें। साथ ही शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नागरिकों ने भी निगम प्रशासन द्वारा उनकी समस्याएं सुनने और समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य